HomeUncategorizedबांदा: नांदादेव गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत

बांदा: नांदादेव गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत

फंदे से लटका मिला शव

बदौसा की आवाज़ | बांदा, उत्तर प्रदेश।

बांदा जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र के नांदादेव गांव में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार रात पूजा वर्मा पत्नी महेश वर्मा की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बच्चे के रोने से खुली पति की नींद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात महेश वर्मा घर के बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी पूजा कमरे में थीं। शुक्रवार सुबह बच्चे के लगातार रोने की आवाज सुनकर पति की नींद खुली। कमरे में पहुंचने पर उन्होंने पत्नी का शव फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर जसपुरा थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। बड़ा बेटा करीब तीन वर्ष का है, जबकि छोटा बेटा महज छह माह का है। पति महेश वर्मा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं

पूजा वर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

बदौसा की आवाज़ — खबर आपके क्षेत्र की।

RELATED ARTICLES

Most Popular